Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा का गोढ़ेया गांव एक बार फिर भक्ति के उत्सव का साक्षी बनेगा। ‘रघुनाथ बाबा यज्ञ समिति’ की ओर से आयोजित पांच कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को होगा। इसकी शुरुआत भव्य कलश जलयात्रा से होगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह महायज्ञ संत श्री वशिष्ठ नारायणाचार्य स्वामीजी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित किया जा रहा है, जो 25 जनवरी तक चलेगा।
12 वर्षों बाद लौटा महायज्ञ का पुण्य पर्व
महायज्ञ के संयोजक व समाजसेवी संजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि गोढ़ेया गांव में 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस विराट धार्मिक आयोजन का सौभाग्य मिला है। गांव में उत्साह है, श्रद्धालुओं में उमंग है और वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा साफ महसूस की जा सकती है। बताया गया कि 20 जनवरी को यज्ञ मंडप ‘फुलवारी’ से 301 कलशों के साथ भव्य जलयात्रा निकाली जायेगी। कोयल और तहले नदी के संगम तट पर विधि-विधान से जल भराव एवं पुनः मंडप में कलश स्थापना होगी। 21 जनवरी को पंचांग पूजन, अरणी मंथन, यज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। 21 से 25 जनवरी तक प्रतिदिन यज्ञ एवं विविध धार्मिक अनुष्ठान होगा। महायज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रस से सराबोर करने के लिये देश के प्रसिद्ध संत और प्रवचनकर्ता उपस्थित रहेंगे। इसमें मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ पीठाधीश्वर रामानुजाचार्य स्वामी ब्रह्मदेवजी महाराज, शिवानी दूबे, मारुति किंकरजी महाराज, डॉ. सीतारमण पांडेय शामिल हैं। इनकी वाणी से कथा, भजन और प्रवचन का संगम श्रद्धालुओं के हृदय को छू जायेगा। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष श्रवण कुमार उपाध्याय, सचिव अजय कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, अरुण कुमार सहित पूरी यज्ञ समिति दिन-रात जुटी हुई है।












