UP : यूपी के शामली जिले के कैराना क्षेत्र के इस्सोपुर खुरगान गांव में पांच दिन पहले जिस मौत को लोग किस्मत का खेल समझ रहे थे, वह दरअसल रिश्तों के विश्वास की हत्या निकली। 24 साल की मशकुरा की सांसें किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसी घर की दीवारों ने छीन लीं, जहां वह बहू बनकर आई थी। बीते 15 फरवरी की रात चारपाई पर कंबल ओढ़े पड़ी मशकुरा को देखकर पहले गांव ने सोचा, बेटी की तबीयत बिगड़ गई होगी। लेकिन गले पर पड़े निशानों ने चुप्पी तोड़ी और पुलिस की गहन जांच ने वह सच सामने ला दिया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि मशकुरा की गला दबाकर हत्या की गई थी और इस जघन्य वारदात के पीछे कोई और नहीं, उसका ससुर ही था।
पुलिस के मुताबिक, मशकुरा की शादी तीन साल पहले सलमान से हुई थी। पति पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करता था और घर में ससुर अब्बास के साथ मशकुरा और उसका मासूम बेटा रहते थे। गांव की गलियों में फुसफुसाहट थी कि मशकुरा की जान-पहचान मंडावर निवासी जाबिद से हो गई थी। यह बात जब ससुर को पता चली, तो उसने इसे एक हथियार बना लिया। इसी राज की धमकी देकर वह कई बार बहू पर दबाव बनाता रहा, लेकिन मशकुरा हर बार चुपचाप अपने सम्मान की ढाल थामे रही। बताया जाता है कि बीते 14 फरवरी की शाम जाबिद घर आया और कुछ देर बाद चला गया। उसके जाने के बाद रात गहराई तो ससुर ने अपनी बहू पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाला। मगर मशकुरा ने हिम्मत दिखाई, विरोध किया और ससुर को लात मारकर खुद को बचाने की कोशिश की। यहीं से रिश्तों का चेहरा बदल गया, प्यार और विश्वास की जगह नफरत और साजिश ने ले ली। ससुर ने बेटे सलमान को फोन पर सारी बात बताई और दोनों ने मिलकर मशकुरा को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। रात की खामोशी में, जब घर सोया हुआ था, उसी वक्त ससुर ने गला दबाकर मशकुरा की हत्या कर दी और शव को चारपाई पर लिटाकर ऊपर से कंबल डाल दिया। ताकि सुबह सबको लगे, बहू की मौत अचानक हुई है।
सुबह का नाटक और सच का पर्दाफाश
अगली सुबह गांव वालों को बताया गया कि मशकुरा की स्वाभाविक मौत हुई है। गले के निशान को सीढ़ियों से गिरने की चोट बताया गया। यहां तक कि पोस्टमार्टम न कराने के लिये भी परिजनों को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उस झूठ की चादर खींच दी, मौत गला दबाने से हुई थी। यहीं से पुलिस का शक गहराया और पूछताछ में पूरा सच बाहर आ गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने लाठी में तार बांधकर दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर दी, ताकि मामला आत्महत्या या प्राकृतिक मौत जैसा लगे। सुबह लोगों को बुलाकर पहले दरवाजा खुलवाने का नाटक किया गया, फिर वेल्डिंग मिस्त्री बुलाकर जाली कटवाई, ताकि किसी को शक न हो।पुलिस ने इस हत्याकांड में ससुर अब्बास उर्फ बासा और पति सलमान को गिरफ्तार कर लिया है।








