Garhwa(Nityanand Dubey) : राष्ट्रहित में जमीनी आवाज अब बुलंद हो रही है। मेराल प्रखंड के अरंगी गांव में रविवार को “एक देश, एक चुनाव” को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने किसानों के बीच विचार-गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। गांव के खेत-खलिहान से आये किसानों ने एक स्वर में एक देश, एक चुनाव के प्रस्ताव को समर्थन दिया।
सभा को संबोधित करते हुये जिलाध्यक्ष कुशवाहा ने कहा कि अगर लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे तो देश का समय, संसाधन और धन बचेगा, जिससे विकास की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने बताया कि 1952, 1957, 1962 और 1967 में देश में एक साथ चुनाव हुये थे और 1983 में चुनाव आयोग, 1999 में विधि आयोग ने भी इस व्यवस्था की वकालत की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब जब ‘एक देश, एक चुनाव’ लागू होगा, तो देश की ताकत और बढ़ेगी।” उन्होंने कहा कि जब सभी चुनाव एक साथ होंगे, तो नेता चुनावी तैयारी की बजाय जनसेवा में अपना समय दे पायेंगे, जिससे जनता को बेहतर प्रशासन और देश को मजबूत नेतृत्व मिलेगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय नेता शामिल हुए। मुख्य रूप से अंगद कुमार, बलराम महतो, रामा प्रसाद बिंद, हरिओम प्रसाद महतो, जीतन महतो, मुस्लिम अंसारी, विजय कुमार कुशवाहा, लालदीप मेहता, संजय कुशवाहा, दिलीप कुमार, एस कुमार, मुकेश कुमार कुशवाहा, जयप्रकाश कुमार, अखिलेश कुशवाहा, लव कुमार कुशवाहा, रामस्वरुप महतो, विजय लखन कुमार, संजय कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।














