Chauparan (Hazaribagh) (Krishna Paswan) : हजारीबाग की चौपारण पुलिस ने दो पशु तस्करों को धर लिया। पिकअप वैन में मवेशियों को भर छुप-छुपा कर एक जगह से दूसरे जगह पहुंचाना इन तस्करों की फितरत। तस्करों के चंगुल से कुल 9 मवेशियों को मुक्त कराया गया। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया गया।
हजारीबाग पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे को खबरीलाल ने बीती रात मैसेज दिया कि एक गाड़ी में मवेशियों को ठूंस कर इस पार से उस पार किया जा रहा है। मिली सूचना को गंभीरता से लिया गया। बरही एसडीपीओ नाजिर अख्तर की देखरेख चौपारण थानेदार शम्भु नन्द ईश्वर की लीडरशिप में एक टीम का गठन किया गया। किसी भी हाल में तस्करों को दबोचने का टास्क दिया गया। गठित टीम ने पवई कट गांव के पास गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। छोटी बड़ी हर गाड़ी की तलाशी ली जाने लगी। इसी दरम्यान रात के 3:40 बजे एक पिकअप आती दिखाई दी। उसे रुकने का इशारा किया गया। पुलिस पर नजर पड़ते ही पिकअप की रफ्तार बढ़ा दी गई।
पुलिस ने पिकअप का पीछा किया। गाड़ी का ड्राइवर पवई गांव के पास गाड़ी को खड़ा कर वहां से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे खदेड़ कर दबोच लिया। वहीं गाड़ी का कंडक्टर भी धरा गया। गाड़ी की तलाशी ली गई। ऊपर लदे सब्जी और हरी मिर्च को हटाया गया। नीचे जो कुछ दिखा, पुलिस का माथा चकरा गया। छोटे से पिकअप वैन में 9 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। दोनों ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, मवेशियों को मयुरहंट गौशाला में शिफ्ट कर पिकअप को जब्त कर लिया गया। पशु तस्करी के धंधे से जुड़े अन्य लोगों की धड़-पकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार तस्करों का नाम मो सफदर कुरैशी और असरफ कुरैशी है।
इसे भी पढ़ें : Palamu News : सदर SDM के पेशकार का क्या हुआ… देखें
इसे भी पढ़ें : टेम्पू चलाने वालों के लिए बेहद जरूरी खबर, जान लें नहीं तो जब्त होगी गाड़ी












