UP : महज दो घंटे पहले रोने की आवाज से गूंजा घर कुछ ही देर में मातम में बदल गया। कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के कंधईखेड़ा गांव में 10 फीट जमीन के विवाद ने एक नवजात की जान ले ली। इल्जाम है कि बड़े भाई और उसके परिवार ने प्रसूता के कमरे में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसकी चपेट में आया नवजात मौके पर ही दम तोड़ गया।परिजनों के मुताबिक, महेंद्र और उनके बड़े भाई सुरेंद्र के बीच छह साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह महेंद्र की पत्नी ज्योति ने दूसरे बेटे को जन्म दिया। करीब दो घंटे बाद, जब महेंद्र घर से बाहर थे, तभी सुरेंद्र अपने बेटे, बेटी और अन्य लोगों के साथ कमरे में घुसा और मारपीट शुरू कर दी।
लाठी का वार नवजात पर पड़ा
घर की महिलाओं ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमला और उग्र हो गया। इल्जाम है कि इसी दौरान एक डंडा सीधे नवजात को लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही लौटे महेंद्र पर भी हमला किया गया, जिसमें उनके हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद ग्रामीण जुटे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुयेफरार हो गये। पुलिस ने घायल महेंद्र को अस्पताल भेजा और नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महाराजपुर पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर सुरेंद्र, उसकी पत्नी, बेटे और बेटी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में और बढ़ोतरी की जायेगी।








