Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार सुबह गढ़वा थाना क्षेत्र के परसाहा मोड़ के पास एक युवक और युवती की लाश बरामद हुई। घटनास्थल से एक पिस्तौल और चाकू भी मिला है। पुलिस को शक है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, जहां युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद को गोली मार ली। मृतकों की पहचान सुमित कुमार (26), चैनपुर थाना क्षेत्र, पलामू और कृति कुमारी (24), सगालिम गांव, पांकी थाना क्षेत्र के रूप में हुई। कृति शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां थी। पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक कृति शुक्रवार को घर से राशन लेने के बहाने निकली थी और लौटकर नहीं आई।
सुमित ने उसी दिन बाइक मंगवाई, युवती को बैठाया और निकल पड़ा गढ़वा की ओर… रात तक दोनों वापस नहीं लौटे और अगली सुबह दोनो की लाशें मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि कृति की बहन की शादी सुमित के घर में हुई थी, जिससे दोनों का मेलजोल शुरू हुआ था। हालांकि, दोनों परिवार इस रिश्ते को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं।
इधर गढ़वा के SDPO नीरज कुमार ने बताया “युवती के शरीर पर चाकू के घाव हैं और युवक को गोली लगी है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का ही लगता है। जांच जारी है।” फिलहाल दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गये हैं और पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है।








