Chouparan(Krishna Paswan) : ढोल-नगाड़ों की थाप, शंखध्वनि और “जय श्री राम” तथा “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। मौका था चौपारण के सिंघरावां के टिटहीं गांव में शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के शुभारंभ का, जहां भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गांव की गलियों से गुजरती यह आस्था की यात्रा मानो पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह की लहर दौड़ा रही थी। सैकड़ों श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ कलश लेकर यात्रा में शामिल हुये। इस अवसर पर बरही विधायक मनोज कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान समाज को जोड़ने का माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा, ऐसे आयोजन से जहां आध्यात्मिक शांति मिलती है, वहीं समाज में आपसी भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं के सिर पर सजे कलश, भक्ति गीतों की धुन और हर-हर महादेव के जयघोष ने पूरे टिटहीं और आसपास के इलाके को भक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम से पहले आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य लोगों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से प्रदीप नारायण लाल, प्रशांत सिन्हा, प्रमोद सिन्हा, विजय सिन्हा, सोनू सिन्हा, अमर सिन्हा, मिंटू सिन्हा और निशांत सिन्हा शामिल थे। कलश यात्रा में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी शामिल हुये। इनमें मुखिया संघ अध्यक्ष बिरेन्द्र रजक, सांसद प्रतिनिधि सहदेव प्रसाद यादव, मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र चन्द्रवंशी, मुखिया संतोष सिंह, उपमुखिया संजय गुप्ता, समाजसेवी नकुलदेव रजक, राजेश रवानी, रवि राणा, भोला साव, सुखदेव यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।








