Hazaribagh (Krishna Paswan, Chauparan) : हजारीबाग के दुरस्थ पंचायत भगहर में जनता दरबार लगाया जा रहा है। जिले की डीसी नैंसी सहाय और पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे दरबार में शिरकत करेंगे। इसे लेकर पू्र्व विधायक मनोज यादव ने जिला प्रशासन की प्रशंसा की है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विकास की सबसे अधिक जरुरत वाले पंचायत के आमजनों की ओर से डीसी और एसपी के जनता दरबार लगाने के फैसले की प्रशंसा की। साथ ही पंचायत के विकास में रोडा बनने वाले तथा भगहर पंचायत को पूरे राज्य में बदनाम करने वालों को आडे हाथों लिया है। पू्र्व विधायक मनोज यादव का दावा है कि भगहर में वारंटियों का बोलबाला है। कई गोरख धंधे बेखौफ चलाए जा रहे हैं। शराब निर्माण, लकडी कटाई, कोयला का अवैध धंधा फलफूल रहा है। भगहर के जंगली इलाकों में बाटलिंग प्लांट चल रहा है, जहां नकली शराब बनाया जा रहा है। साथ ही जंगलों में ही हरियाणा, पंजाब से कंटेनर से शराब मंगाकर बड़े पैमाने पर इस रास्ते से बिहार भेजा जाता है। रोज लाखों रूपए का अवैध कार्य हो रहा है, जिससे सरकारी राजस्व की क्षति हो रही है। पूर्व विधायक का कहना है कि ऐसा नहीं है कि जिम्मेदार लोग इस गोरख धंधे से अनजान हैं, पर सबके सब मौनी बाबा बने हुए हैं।
पंचायत में सडक की कमी है। कठंबा से भगहर आने का रास्ता पूरी तरह खराब हो गया है। हाई स्कूल की सख्त जरूरत है। बिजली की व्यवस्था काफी खराब है। पंचायत में कुछ साल पहले करोड़ों की लागत से बने कंपोजिट भवन बेकार पडा है। इसे इस्तेमाल में लाना चाहिए। उपायुक्त इस संबंध में उचित निर्णय लें। पंचायत में दो आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका प्रखंड मुख्यालय में रहती है। उन्होंने कहा कि यह सवाल आमजनों की है। परंतु आमजन शिकायत करते हैं तो उन पर ही प्रशासन कार्रवाई करती है। ऐसे में जनता की आवाज नहीं दबनी चाहिए। भला हो हजारीबाग पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे और डीसी नैंसी सहाय का, जो यहां जनता दरबाग लगा लोगों की समस्या दूर करने की पहल की।
इसे भी पढ़ें : 7 मई को सेट थी ऋत्विक कंपनी के शरत बाबू की फील्डिंग, क्या बोले SP… देखें












