Kohramlive : बॉलीवुड की चमकती दुनिया में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई से भाग रहे तीन संदेही गुनहगारों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों को पुलिस की गिरफ्त में ले जाते हुये CCTV फुटेज भी सामने आया है। अब मुंबई पुलिस उनसे पूछताछ कर इस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
ट्रेन रुकी और पुलिस ने बिछा दिया जाल
जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपी मुंबई से पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हुये थे। वे जनरल डिब्बे में सफर कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन कोटा पहुंची, पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। कोटा की पुलिस कप्तान तेजस्वनी गौतम ने मीडिया को बताया कि पुलिस को सुबह आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने तेजी से कार्रवाई की और महज 15 मिनट के भीतर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूरी ट्रेन की तलाशी के बाद पुलिस को यह कामयाबी मिली। गिरफ्तार आरोपियों में रेहान उर्फ सुक्का हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया गया है। दूसरा आरोपी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का निवासी है, जो पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था। तीसरा आरोपी नाबालिग है। पुलिस अब इनकी भूमिका और कथित साजिश की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली से नेपाल भागने की थी तैयारी?
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की योजना दिल्ली पहुंचकर वहां से नेपाल भागने की थी। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही कोटा में उनकी राह रोक दी गई। शुरूआती पूछताछ में अनिल पंडित का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह रेहान के संपर्क में था और उसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई से होने की बात कही जा रही है। पुलिस इस कड़ी की जांच कर रही है। फिलहाल, इन संपर्कों और साजिश को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकलना बाकी है।पुलिस को अब तक हथियार बरामद नहीं हुये हैं।








