Kohramlive : कभी पर्दे पर अपने अभिनय से लाखों दिलों को जीतने वालीं अरुणा ईरानी आज खुद जिंदगी के एक कठिन दौर से गुजर रही हैं। जीवनसाथी को खोने का दर्द आसान नहीं होता। लेकिन इस मुश्किल घड़ी में उनके चाहने वालों का प्यार उनके लिये सहारा बन गया है। पति और फिल्ममेकर कुकू कोहली के निधन के बाद अभिनेत्री पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आईं। इंस्टाग्राम पर साझा किये गये वीडियो में वह भावुक नजर आईं। उनकी बातों में अपनों को खोने का दर्द भी था और चाहने वालों के प्रति दिल से निकला आभार भी। अरुणा ईरानी ने अपने वीडियो में कहा, “कुकू जी के निधन के बाद आप सभी ने मुझे जो प्यार और अपनापन दिया है, उसके लिये मैं दिल से आपकी बहुत-बहुत आभारी हूं।” उन्होंने बताया कि लोगों से मिले प्यार और हौसले ने उन्हें इस कठिन समय से उबरने की ताकत दी। यही अपनापन उन्हें फिर से काम पर लौटने का साहस दे रहा है। अभिनेत्री ने अपने प्रशंसकों से अपील की कि वे जिंदगीभर इसी तरह अपना प्यार और साथ बनाये रखें। किसी अपने के जाने से जिंदगी में जो खालीपन पैदा होता है, उसे भर पाना आसान नहीं होता। अरुणा ईरानी के लिये भी यह समय भावनात्मक रूप से बेहद कठिन है। मगर प्रशंसकों का साथ उन्हें धीरे-धीरे आगे बढ़ने की हिम्मत दे रहा है। उनके इस वीडियो पर फिल्म और टेलीविजन जगत से जुड़े लोगों और प्रशंसकों ने प्यार जताया। लोगों ने उन्हें हौसला बनाये रखने और जिंदगी में आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया।
दुनिया को अलविदा कह गये कुकू कोहली
अरुणा ईरानी के पति और फिल्ममेकर कुकू कोहली का 25 अगस्त को 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया था। उस वक्त अरुणा ईरानी गहरे दुख में डूबी नजर आई थीं। करीब छह दशक लंबे फिल्मी सफर में अरुणा ईरानी ने अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कई यादगार किरदार निभाये हैं। उन्हें आखिरी बार इसी साल रिलीज हुई विशाल भारद्वाज की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘ओ’रोमियो’ में देखा गया था।
View this post on Instagram








