Lohardaga : जिन हाथों में किताबें और खिलौने होने चाहिये, उन मासूम हाथों में दर्द और डर की यादें थमा दी गईं। झारखंड के लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र से सामने आये तीन नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण और दुष्कर्म के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इल्जाम है कि गांव का ही एक युवक तीनों सहेलियों को लालच देकर अपने पुराने, सुनसान मकान में ले जाता था और उनके साथ गलत हरकतें करता था। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर संदेही गुनहगार को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया।
चॉकलेट और पैसों का लालच
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, आरोपी फहद अंसारी तीनों बच्चियों को अकेला पाकर बिस्कुट, चॉकलेट और पैसों का लालच देता था। इसके बाद उन्हें बहलाकर एक पुराने और सुनसान मकान में ले जाता था, जहां उनके साथ दुष्कर्म किये जाने का आरोप है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि बच्चियों को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देकर चुप कराया जाता था। डर के कारण वे कई दिनों तक अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में किसी को कुछ नहीं बता सकीं। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी ने एक बार फिर बच्ची को अपने पुराने मकान में बुलाने की कोशिश की। डरी-सहमी बच्ची ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और रोते हुये अपनी मां को पूरी बात बता दी। उसने अपनी दो सहेलियों के साथ हुई घटनाओं का भी जिक्र किया। बेटी की आपबीती सुनकर परिजन सन्न रह गये। इसके बाद परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ सेन्हा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में 18 अक्टूबर को सेन्हा थाना में केस (कांड संख्या 112/26) दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। वहीं, पीड़ित बच्चियों की मेडिकल जांच के लिये भेजा गया।








