Chouparan(Krishna Paswan) : एक शांत सुबह ने चौपारण के जगदीशपुर गांव को अनहोनी की चिंता में डुबो दिया है। लगभग 35 साल का भरत यादव बीते 5 अप्रैल की सुबह से रहस्यमय ढंग से गायब है। उस रोज दिन के 9.30 बजे घर से निकलने वाले भरत यादव ने 10 बजे अपने भाई को फोन कर बताया था कि वे थाना के पास पहुंच चुके हैं। गायब भरत यादव की पल्सर बाइक (JH12E 3511) थाना गेट के पास खड़ी मिली, लेकिन न भरत यादव का कोई सुराग, न उनकी कोई खबर। कॉल की घंटी बजती रही, पर रिसीव न हुआ। और फिर मोबाइल भी बंद हो गया। थानेदार ने मीडिया को बताया कि भरत यादव का आखिरी लोकेशन हजारीबाग में पाया गया है, और पुलिस खोजबीन में जुटी है।
पत्नी मंजू देवी की आंखें सूख गई हैं, आंसुओं के पीछे अब सिर्फ उम्मीद बची है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके पति को जल्द से जल्द खोजा जाये। परिजनों का इल्जाम है कि यह मामला मात्र लापता होने का नहीं, बल्कि किसी साजिश की बू देता है। दरअसल, 31 मार्च को गांव के ही गोतिया पक्ष से जमीन को लेकर विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। भरत यादव ने थाना में FIR दर्ज कराई थी और तभी से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। अब जब वे उसी मामले से जुड़े किसी मसले को लेकर थाना गये, और फिर अचानक गायब हो गये। गांव में तनाव का माहौल है, घरों में भय समाया हुआ है। लोग सशंकित हैं कि कहीं यह कोई रची गई साजिश तो नहीं?
इसे भी पढ़ें :वक्फ संशोधन विधेयक बना कानून, मिली राष्ट्रपति की मंजूरी
इसे भी पढ़ें :7 नेताओं ने पार्टी छोड़ी, CM किसी से नहीं मिले…
इसे भी पढ़ें :एक साथ 86 नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता








