KohramLive : एक शख्स का माथा उस समय भन्ना गया जब उसे ट्रेन में केवल एक कप चाय के लिए 70 रुपये चुकाने पड़े। यह शख्स गुजरे 28 जून को भोपाल शताब्दी से दिल्ली से भोपाल जा रहा था। उन्होंने ट्रेन में चाय खरीदी। इस एक कप चाय के लिए उनसे 70 रुपये वसूल लिए गए। बकायदा उन्हें इसका बिल भी दिया गया। बिल में चाय की कीमत तो 20 रुपये थी। बाकी 50 रुपये सर्विस चार्ज जोड़ा गया था। सफर कर रहे इस शख्स ने बिल का फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। जिसके बाद यह 70 रुपये के एक कप चाय का बिल खूब वारयल हो गया। इस पोस्ट पर यूजर्स कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ’20 रुपये की चाय पर 50 रुपये सर्विस चार्ज, जिससे चाय की कीमत 70 रुपये हो गई। क्या यह लूटने का बेहतरीन तरीका नहीं है?’ वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि रेलवे यह क्या कर रहा है भइया? बाकी लोगों का कहना था कि एक कप चाय पर 50 रुपये का सर्विस चार्ज काफी ज्यादा है।
रेलवे ने कही यह बात
इस संबंध में रेलवे ने कहा कि ग्राहक से किसी भी तरह का एक्स्ट्रा पैसा नहीं लिया गया। उन्होंने भारतीय रेलवे का 2018 के सर्कुलर का हवाला दिया और बताया कि अगर पैसेंजर शताब्दी-राजधानी जैसी ट्रेनों में रिजर्वेशन कराते वक्त मील बुक नहीं करता है और यात्रा के दौरान चाय, कॉफी या खाना आदि ऑर्डर करता है तो उसे 50 रुपये सर्विस चार्ज देना होगा। अब चाहे ऑर्डर एक कप चाय का ही क्यों न हो, मुसाफिर को सर्विस चार्ज देना ही होगा। यहां याद दिला दें कि पहले राजधानी और शताब्दी आदि ट्रेनों में फूड सर्विस अनिवार्य होती थी, लेकिन बाद में इसे वैकल्पिक कर दिया गया। अगर यात्री चाहे तो टिकट बुक करते वक्त ट्रेन में खाना और रिफ्रेशमेंट लेने से इनकार कर सकता है। ऐसी स्थिति में उसे सिर्फ टिकट का चार्ज देना होता है।
इसे भी पढ़ें : 500 के टकटकिया जाली नोट रांची में… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : फोटो वायरल करते ही पटना भाग रहे बैंक डकैतों का क्या हुआ… देखें वीडियो















