Hazaribagh(Krishna Paswan) :”पंचायत के तहत आने वाले सभी विद्यालयों में गुणात्मक शिक्षा सुनिश्चित करने के लिये मुखियाओं की भूमिका बेहद खास है। पंचायती राज व्यवस्था के तहत मुखियाओं को कई महत्वपूर्ण शक्तियां मिली हैं, जिनका सही उपयोग कर वे अपने क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर सकते हैं। मुखिया विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ नियमित बैठक करें और शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिये अनुश्रवण को प्राथमिकता दें। विद्यालयों की स्थिति, बच्चों की उपस्थिति, ड्रॉपआउट दर, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य शैक्षिक विषयों पर खास ध्यान देने की जरूरत है।” यह कहना है हजारीबाग की DC नैंसी सहाय का। मौका था झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत जिला स्तरीय मुखिया सम्मेलन का। नगर भवन में आयोजित मुखिया सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि की हैसियत से मौजूद DC नैंसी सहाय ने हजारीबाग के 16 प्रखंडों से चयनित मुखियाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। DC ने इन मुखियाओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान को सराहा और पंचायत स्तर पर शिक्षा के विकास में उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
शिक्षा की बेहतरी के लिये सामूहिक कोशिश जरूरी
सम्मेलन में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने पंचायत स्तर पर शिक्षा में सुधार लाने के लिये सामूहिक प्रयासों की जरूरत पर बल दिया और मुखियाओं को अपने क्षेत्रों में शिक्षा का सशक्त प्रहरी बनने के लिये प्रेरित किया। इस सम्मेलन ने स्पष्ट कर दिया कि मुखिया केवल प्रशासनिक प्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के मार्गदर्शक भी हैं। शिक्षा को सुधारने की यह पहल आने वाले समय में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगी।
सम्मानित होने वाले मुखियाओं में शामिल थे:
- बरही प्रखंड: विजय यादव (मलकोको पंचायत)
- बड़कागांव प्रखंड: अनिकेत कुमार नायक (चेपाकलां पंचायत)
- बरकट्ठा प्रखंड: कलावती देवी (गयपहाड़ी पंचायत)
- विष्णुगढ़ प्रखंड: उत्तम कुमार महतो (सारुकुदुर पंचायत)
- चौपारण प्रखंड: वीरेंद्र रजक (बच्छई पंचायत)
- डाड़ी प्रखंड: लखन लाल महतो (डाड़ी पंचायत)
- चुरचू प्रखंड: देवाकी महतो (बहेरा पंचायत)
- दारू प्रखंड: अनीता देवी (इरगा पंचायत)
- इचाक प्रखंड: मीरा देवी (मंगुरा पंचायत)
- कटकमदाग प्रखंड: ज्योति देवी (मसरातु पंचायत)
- केरेडारी प्रखंड: सोनिया देवी (केरेडारी पंचायत)
- टाटीझरिया प्रखंड: सुरेश यादव (टाटीझरिया पंचायत)








