Punjab : लुधियाना के रशीनगांव में रहनेवाले कुलजीत सिंह का सपना था कि उनका बेटा हरमनप्रीत सिंह कनाडा में बस जाये। इसके लिये उन्होंने 75 लाख रुपये से अधिक खर्च कर कांट्रेक्ट मैरिज करवाई। कुलजीत सिंह के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, शादी से पहले एक एग्रीमेंट हुआ था, जिसमें जश्नजोत को कनाडा भेजने और हरमनप्रीत को पीआर दिलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। शादी का सारा खर्च भी कुलजीत ने उठाया। लेकिन तीन साल तक हरमनप्रीत को कनाडा बुलाया ही नहीं गया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, उसने देखा कि जश्नजोत किसी और युवक के साथ रह रही थी। 5-6 माह परेशान रहने के बाद हरमनप्रीत भारत लौट आया, और अब मानसिक तनाव में है।
पीड़ित कुलजीत सिंह की शिकायत पर रायकोट के सदर थाना में जश्नजोत कौर, उसके पिता गुरचरन सिंह और मां रछपाल कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। पूरे मामले की जांच SI स्तर के एक पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। मुख्य आरोपी जश्नजोत कनाडा में है, और उसके माता-पिता को गिरफ्तार करने के लिये कानूनी नोटिस भेजा जा रहा है। जश्नजोत को जांच में शामिल करने के लिए कनाडा के पते पर नोटिस भेजा जा रहा है। इसके लिये भारत स्थित कनाडा और वहां स्थित भारतीय दूतावास के सहयोग सहित अन्य कानूनी विकल्प तलाशे जा रहे हैं। कुलजीत ने सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने 75 लाख रुपये वापस दिलवाने की मांग की है।












