Garhwa(Nityanand Dubey) : कभी नक्सलियों की स्याह छाया में सिमटा रहने वाला बूढ़ापहाड़ अब उम्मीद, विकास और विश्वास की नई कहानी लिख रहा है। जिस धरती पर कभी खामोशी और खौफ पसरा रहता था, वहां बुधवार को हंसी, खेल और सीखने की गूंज सुनाई दी। मौका था पलामू प्रक्षेत्र के IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित शानदार सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का, जो बड़गड़ थाना क्षेत्र के कुल्ही और झालूडेरा (बूढ़ापहाड़) पिकेट में हुआ। इसके पीछे का मकसद साफ था युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना। वहीं, पुलिस की मित्रवत छवि को गांव-गांव तक पहुंचाना।
खेल से संवरता भविष्य, शिक्षा से बदलती तस्वीर
कार्यक्रम के दौरान कुल्ही पिकेट में स्थानीय युवा खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री बांटी गई। युवाओं की आंखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान साफ बता रही थी कि उन्हें सही दिशा मिल रही है। वहीं झालूडेरा पिकेट में बच्चों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करने के लिये शिक्षण सामग्री बांटी गई। IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि “खेल और शिक्षा युवाओं को गलत रास्तों से दूर रखते हैं और एक मजबूत समाज की नींव रखते हैं।” सामुदायिक कार्यक्रम के साथ-साथ IG ने नक्सल विरोधी अभियानों और सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने खासतौर पर नक्सली हिंसा पर पूरी तरह लगाम, दुर्गम इलाकों में कैंपों के जरिये सुरक्षा बलों की मजबूत पैठ, नक्सलियों को सरेंडर नीति के तहत मुख्यधारा में लाने की कोशिश, एयर ऑपरेशन नीति का प्रभावी इस्तेमाल, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता बिंदुओं पर जोर दिया। IG ने DIG किशोर कौशल और SP अमन कुमार के साथ बहेरा टोली और पुनदाग स्थित CRPF कैंपों का निरीक्षण कर सुरक्षा हालात का जायजा लिया। इस दौरान SP अमन कुमार ने बच्चों से सीधे संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ने, आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य गढ़ने के लिये प्रेरित किया। मौके पर CRPF 172 बटालियन के कमांडेंट, 2IC, अभियान SP राहुल देव बड़ाइक, रंका SDPO रोहित रंजन सिंह, भंडरिया के थानेदार सुभाष कुमार पासवान, बड़गड़ के थानेदार दीपक कुमार मौर्य सहित कई छोटे-बड़े पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे।








