Kohramlive : जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर पाकिस्तान की तरफ से आतंक फैलाने की साजिश का खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित जिहादी संगठन और बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) के सदस्य पुंछ और राजौरी सेक्टर में घुसपैठ की फिराक में थे। लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों की सतर्कता ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। गुजरे 15 दिनों में सुरक्षा बलों ने दो बार घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम किया। BAT टीमों के साथ Lashkar-e-Taiba, Jaish-e-Mohammed, Hizbul Mujahideen और SSG के आतंकी भी सक्रिय थे। घुसपैठिये न केवल हमला करने की योजना में थे बल्कि हथियार और गोला-बारूद की तस्करी भी कर रहे थे। हाल ही में कुपवाड़ा में हुये ऑपरेशन में 2 आतंकियों को मार गिराया गया, चिनार कोर की टीम ने ब्रिजथोर जंगल से भारी हथियार और रॉकेट बरामद किये। LoC पर सुरक्षा बलों की चौकसी के चलते आतंकियों को अपने मंसूबों में नाकामी मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों से कहा है, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना स्थानीय प्रशासन को दें। चौकसी और सहयोग से ही आतंकियों की नापाक साजिशों को नाकाम किया जा सकता है।
सर्दियों में भी सतर्क रहेंगे जवान
गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ हाई लेवल मीटिंग में स्पष्ट किया कि सर्दियों में बर्फबारी का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जायेगा। इसके बाद LoC पर चौकसी को और बढ़ा दिया गया है। विशेष ऑपरेशन यूनिट को भी तैनात किया गया है।












