Kohramlive : कोलकाता ने बुधवार तड़के एक और खौफनाक अग्निकांड देखा। मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित पांच मंजिला इमारत आग का गोला बन गई। कुछ ही मिनटों में होटल के कमरे धुएं से भर गये। लोग चीखते रहे, दमकल रास्ता बनाती रही। अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। छह लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। आग रात करीब 1:45 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस, आपदा प्रबंधन और फायर टीम ने मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। धुएं से भरी इमारत से करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
धुआं बना सबसे बड़ा कातिल
पुलिस के मुताबिक आग से ज्यादा जानलेवा धुआं साबित हुआ। सीढ़ियां पूरी तरह धुएं से भर गई थीं। दमकलकर्मियों को ऊपर की मंजिल तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पश्चिम बंगाल के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि मृतकों में भारतीयों के साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। सभी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मंत्री ने इमारत की हालत को बेहद खराब बताया।
शॉर्ट सर्किट पर शक, होटल में नियमों की खुली पोल
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि अंतिम वजह फोरेंसिक जांच के बाद ही साफ होगी। जांच में यह भी सामने आया है कि इमारत में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। होटल संचालन में भी कई अनियमितताओं की बात कही जा रही है। हादसे के बाद होटल का मालिक फरार बताया जा रहा है। न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की भी अलग से जांच होगी।
दो दिन… दो होटल… 18 मौतें
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पश्चिम बंगाल का 48 घंटे में दूसरा बड़ा होटल अग्निकांड है। सोमवार को बीरभूम के तारापीठ में चार मंजिला होटल में आग लगी थी। वहां भी 9 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल थे। उस मामले में होटल मालिक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कोलकाता। होटल में लगी आग की घटना पर कोलकाता पुलिस ने बताया, “19 अगस्त को सुबह करीब 2:00 बजे, न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन के इलाके में 15, मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट पर स्थित ‘शिका इन’ नाम के होटल में आग लगने की गंभीर घटना हुई है। काफी देर तक… https://t.co/GIpYNOq1Ch
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 19, 2026
#WATCH कोलकाता होटल में आग लगने से हुई 9 मौतों पर पश्चिम बंगाल के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा, “अभी तक 9 लोगों की मौत होने की जानकारी है। आग लगने के पीछे का मुख्य कारण अभी हम लोगों को पता नहीं चल पाया है। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद ही आग का मुख्य कारण पता चल पाएगा… हम लोग तुरंत… pic.twitter.com/JfwUju1TzJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 19, 2026








