Bihar : बिहार के मोकामा में शुक्रवार को दुलारचंद यादव की शव यात्रा के दौरान हिंसा भड़क उठी। इल्जाम है कि भीड़ ने शव वाहन पर ईंट-पत्थर बरसाये और देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात पर काबू पाने के लिए भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं। पुलिस के मुताबिक, स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। यहां याद दिला दें कि गुरुवार को जनसुराज प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार के दौरान अज्ञात हमलावरों ने दुलारचंद यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर और गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी थी। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव यात्रा निकली, तो अचानक पत्थरबाजी और गोलीबारी शुरू हो गई।
न्याय की मांग में सड़कों पर उतरे लोग
शव यात्रा में शामिल हजारों लोग “दुलारचंद यादव को न्याय दो” के नारे लगा रहे थे। पूरे मोकामा में दुकानें बंद रहीं और माहौल पूरी तरह से गमगीन और तनावपूर्ण बना रहा। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह हमला जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों द्वारा कराई गई साजिश है। पुलिस ने फिलहाल पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। कई गांवों में सीआरपीएफ और जिला बल कैंप कर रहे हैं ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रखी जा सके।






