Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा SDM संजय कुमार ने गुरुवार शाम गढ़वा मुख्य बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर बस संचालन व्यवस्था की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रूट परमिट, वाहन कागजात और अन्य दस्तावेजों की जांच की और मौके पर कई दिशा-निर्देश जारी किये।
छत्तीसगढ़ नंबर की बस में मिली गड़बड़ी
SDM ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ नंबर की बसों की काउंटर साइनिंग और परमिट की जांच की। बदन बस सर्विस की एक बस में दस्तावेजों में अनियमितता पाई गई, जिस पर संचालक को सख्त चेतावनी देते हुये कागजात अपडेट करने का निर्देश दिया गया।
“कॉफी विद एसडीएम” कार्यक्रम का असर
इस निरीक्षण की पृष्ठभूमि बुधवार को आयोजित कॉफी विद SDM कार्यक्रम रही, जिसमें बस संचालकों ने अवैध परिचालन और अधूरे कागजात जैसी समस्याएं सामने रखी थीं। इन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुये SDM ने निरीक्षण किया।
नये टिकट काउंटरों के आवंटन का निर्देश
निरीक्षण के दौरान कुमार ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिया कि हाल ही में बने नये टिकट काउंटरों का आवंटन नियमानुसार शीघ्र किया जाये ताकि यात्रियों और एजेंटों दोनों को सुविधा मिल सके।
यात्रियों से बातचीत, मूलभूत सुविधाओं पर फोकस
SDM ने बस स्टैंड पर उपस्थित यात्रियों व स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सफाई, शौचालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को इन बिंदुओं पर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिये।
SDM का सख्त संदेश संजय कुमार ने कहा “परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता जनता के जीवन से जुड़ी होती है। किसी भी तरह की लापरवाही और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। गढ़वा में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।”निरीक्षण के दौरान स्थानीय बस संचालक, एजेंट, बस स्टाफ और आम लोग भी मौजूद थे। यह कदम प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।












