Jamtara : जामताड़ा के झिलुआ स्थित IRB-1 में तैनात DSP प्रमोद कुमार सिंह का गुरुवार देर शाम अचानक निधन हो गया। ड्यूटी से लौटने के बाद वह करीब सात बजे किचन में थे। इसी दौरान अचानक गिर पड़े। आनन-फानन में IRB के अधिकारी और कर्मी उन्हें जामताड़ा के पारस अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने 55 साल के DSP को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा SP शंभू कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। जामताड़ा थानेदार मनोज कुमार महतो समेत कई वरीय अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। SDO आनंद कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
आरा के रहने वाले थे DSP
प्रमोद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में उनका परिवार रांची के कटहल मोड़ में रहता है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा। फिलहाल अचानक हुई मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।







