Ranchi : रक्षाबंधन के मौके पर रांची समाहरणालय का माहौल भी भाई-बहन के स्नेह से सराबोर नजर आया। गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नवीन आरक्षी, रांची-1 की छात्राओं ने समाहरणालय ब्लॉक-ए में DC मंजूनाथ भजंत्री को हैंडमेड राखी बांधी। छात्राओं ने जिला स्तरीय अधिकारियों की कलाई पर भी राखी बांधी। इस दौरान समाहरणालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। राखी बंधवाने के बाद DC ने छात्राओं से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बेटियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। छात्रायें पढ़ाई पर ध्यान दें और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत करें।
राखी के बदले मिला पढ़ाई का तोहफा
DC ने छात्राओं को उपहार के तौर पर स्टेशनरी किट भेंट की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी स्कूलों में जरूरी सुविधायें उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने में किसी तरह की परेशानी न हो। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। हैंडमेड राखी और प्रशासनिक परिसर में मिला आत्मीय सम्मान उनके लिए रक्षाबंधन की खास याद बन गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित संबंधित विद्यालय की शिक्षिका मौजूद रहीं।







