Bihar : रक्षाबंधन से पहले बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। TRE-4 की भर्ती परीक्षा अब एक ही चरण में होगी। लंबे समय से गर्दनीबाग में चल रहा अभ्यर्थियों का आंदोलन भी खत्म हो गया है। गुरुवार को शिक्षा विभाग और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक में मांगों पर सहमति बनी। CM सम्राट चौधरी ने भी फैसले की पुष्टि की। शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रोशन की अध्यक्षता में हुई बैठक में छात्रों की मांगों पर बिंदुवार चर्चा हुई। TRE-4 को एकल चरण में कराने की मांग स्वीकार कर ली गई। ‘एक अभ्यर्थी-एक परिणाम’ के मुद्दे पर भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।
70वीं BPSC समेत कई परीक्षाओं की जांच
70वीं BPSC की पारदर्शिता को लेकर जांच समिति से जांच कराने पर सहमति बनी है। 1799 पदों की दारोगा भर्ती परीक्षा की भी जांच होगी। समिति की रिपोर्ट के बाद ही इसकी आगे की प्रक्रिया तय होगी। BSSC की परीक्षाओं को समय पर कराने के लिए जल्द कैलेंडर जारी करने का फैसला भी लिया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार के लिए पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति बनेगी। समिति परीक्षा व्यवस्था में सुधार की सिफारिश करेगी और छात्रों की शिकायतें भी सुनेगी। प्रश्नपत्र, OMR शीट और उत्तर पुस्तिका की पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी समिति के सामने रखा जायेगा।
डोमिसाइल और उम्र सीमा पर भी विचार
संविदा कर्मियों के लिए अलग कोटे पर उच्चस्तरीय समिति विचार करेगी। पुस्तकालयाध्यक्षों की रिक्तियों के अनुसार भर्ती शुरू करने का निर्णय लिया गया है। डोमिसाइल नीति और अधिकतम उम्र सीमा से जुड़े प्रस्ताव भी समिति के सामने रखे जायेंगे। भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर उसका सख्ती से पालन करने पर भी सहमति बनी। आंदोलन के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी गर्दनीबाग पहुंचे थे। उन्होंने अभ्यर्थियों से बातचीत की और उनकी मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा था। इसके बाद सरकार ने अधिकारियों को छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने का निर्देश दिया। गुरुवार की बैठक में रास्ता निकला और अभ्यर्थियों ने आंदोलन खत्म कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है। उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ भी शुरू किये गये हैं।
छात्रों की मांगों को लेकर सरकार शुरू से ही गंभीर रही है। अब छात्रों की मांगों के संबंध में निर्णय लिया गया है कि इस बार की TRE-4 परीक्षा एकल चरण में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही 9 अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं।
राज्य सरकार ने विभिन्न परीक्षाओं में सुधार के लिए अनुशंसाएँ… pic.twitter.com/Mgu4bQFJlm
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 27, 2026







