Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ा खुर्द गांव में शनिवार की शाम एक दुकानदार पर चाकू से हमला किया गया। घायल दुकानदार की पहचान देवेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना शाम करीब आठ बजे की है, जब देवेंद्र ठाकुर अपनी दुकान में बैठे थे। उसी दौरान गांव का ही युवक अभिषेक दूबे उर्फ बाबू, जो अशर्फी दूबे का बेटा है, दुकान पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई। इल्जाम है कि अभिषेक ने मौके पर ही चाकू निकाला और देवेंद्र की पीठ पर वार कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए रांची रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
कांडी थानेदार अविनाश राज ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना आपसी बहस का नतीजा प्रतीत होती है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।








