Ranchi : झारखंड में महिलाओं को उच्च और तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। CM हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में समीक्षा बैठक कर राज्य के विभिन्न जिलों में महिला कॉलेज और महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि “सरकार महिला शिक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हर हाल में तय समयसीमा के भीतर भवन निर्माण और मरम्मत का काम पूरा हो।”
10 जिलों में कॉलेज और पॉलिटेक्निक संस्थानों की नई इमारतें
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि रांची, चाईबासा, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, हजारीबाग, पलामू, देवघर और जमशेदपुर में महिला कॉलेजों के लिए 1000 करोड़ से अधिक की योजनाओं का डीपीआर तैयार किया गया है। रांची महिला कॉलेज के लिए 364 करोड़, चाईबासा के लिए 281 करोड़, गिरिडीह में नए भवन के लिए 242 करोड़ और धनबाद में 162 करोड़ की योजनाएं शामिल हैं। इसी तरह अन्य जिलों में भी करोड़ों की योजनाएं प्रस्तावित हैं।
महिला पॉलिटेक्निक होंगे स्टेट ऑफ द आर्ट
रांची, जमशेदपुर, बोकारो और दुमका के राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों को स्टेट ऑफ द आर्ट सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि भवनों में ग्रीन कैंपस, ऊर्जा दक्षता, सेंट्रल वॉटर टैंक और यूटिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
छात्राओं को न हो कोई असुविधा
CM ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि निर्माण कार्यों की वजह से मौजूदा छात्राओं को किसी तरह की असुविधा या बाधा न हो। कॉलेज परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा का खास ख्याल रखने को कहा गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले, “महिला शिक्षा को बढ़ावा देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई पीढ़ी को सशक्त बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा जरूरी है। सरकार इसी दिशा में ठोस कदम उठा रही है।” बैठक में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव सुनील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।








