Ranchi(Akhilesh) : आस्था जब संवेदना से जुड़ती है तो एक नई मिसाल जन्म लेती है। सावन के पवित्र महीने में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिये रांची के नामकुम में ऐसी ही एक अनोखी पहल देखने को मिली है। स्वर्णरेखा नदी का जल प्रदूषित होने के कारण श्रद्धालुओं की धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुये क्लब के सदस्यों ने सुल्तानगंज से 12 हजार लीटर पवित्र गंगाजल मंगाने का निर्णय लिया है। यह गंगाजल टैंकर के माध्यम से रांची लाया जायेगा, ताकि शिवभक्त स्वच्छ और पवित्र जल से बाबा भोलेनाथ का अभिषेक कर सकें। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्षों से श्रद्धालु स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहाड़ी मंदिर सहित शहर के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करते रहे हैं। लेकिन समय के साथ नदी का पानी प्रदूषित होने लगा, जिससे श्रद्धालुओं के मन में चिंता बढ़ी। इसी को देखते हुये इस बार गंगाजल उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है, ताकि आस्था भी बनी रहे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल भी मिल सके। योजना के अनुसार सुल्तानगंज से आने वाले गंगाजल को स्वर्णरेखा नदी घाट पर छोटे-छोटे टैंकरों के पानी में मिलाया जायेगा। इसके बाद श्रद्धालु इसी जल को लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। क्लब का कहना है कि यह व्यवस्था पूरी तरह श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। गंगाजल लेकर जाने वाले टैंकर को रांची की मेयर रौशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पार्षद कविता सांगा, पवन तिर्की और कुलभूषण डूंगडूंग ने हरी झंडी दिखाकर सुल्तानगंज के लिये रवाना किया। इस मौके पर मेयर रौशनी खलखो ने क्लब की पहल की सराहना करते हुये कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ नदियों की स्वच्छता भी समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिये जनभागीदारी की जरूरत बताई। डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और उनकी आस्था का सम्मान करना जरूरी है। मौके पर क्लब के दीपक राणा, मंटू लाला, मुन्ना गोस्वामी, बिजय सिंह, अनिल पंडित, विकास कमांडो, धर्मेंद्र सिंह, अरुण साहू, गणेश नायक, प्रमोद शर्मा, सुनील यादव, राजू साहू, विकास, मनीष, पवन सिंह, अमृत महतो, शंकर पंडित, मुकुल पंडित सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे। सुनें क्या बोले भोलेबाबा के भक्तगण…
पूरे सावन में रांची में बंटेगा गंगाजल, टैंकर रवाना… देखें वीडियो#jharkhandnews #ranchiupdate #gangajal #gangajaltanker #SawanSpecial #GangajalDistribution pic.twitter.com/OHZV4iJzvg
— KohramLive (@KohramLive) July 28, 2026






