Chaibasa : सारंडा के सन्नाटे में फिर एक गोली गूंजी… लेकिन इस बार निशाने पर कोई दुश्मन नहीं, बल्कि अपना ही एक जवान था। टोन्टो थाना क्षेत्र के पालीसाई कैंप में तैनात अजय किशोर खाका की संदिग्ध हालात में हुई मौत ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर दिया है। गुमला के रायडीह का यह जवान नक्सल विरोधी अभियान में जुटा था, जंगलों में दिन-रात ड्यूटी निभा रहा था। लेकिन रविवार की रात अचानक अपनी ही इंसास राइफल से चली गोली उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। कोई इसे हादसा बता रहा है, तो कोई मानसिक तनाव में उठाया गया खौफनाक कदम। गोली गले के पास लगी और साथी जवान जब तक कुछ समझ पाते, हालात हाथ से निकल चुके थे। अस्पताल पहुंचते-पहुंचते अजय की सांसें थम गईं। यह महज एक दुर्घटना थी या कुछ और… इसकी जांच चल रही है। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है। SP अमित रेनू ने साफ किया है कि सच्चाई सामने लाने के लिए हर एंगल खंगाला जा रहा है। उधर, एक जवान की इस अचानक विदाई ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।













