Ranchi : CM हेमंत सोरेन ने झारखंड के 49 नवचयनित प्रशिक्षण अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुये कहा कि “नियुक्तियों का यह सिलसिला रुकेगा नहीं, युवाओं के हुनर को नया आयाम देने के लिये सरकार कृतसंकल्प है।” तकनीकी शिक्षा को नया आयाम मिलेगा। ITI पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी को शामिल करने पर जोर दिया। CM ने कहा कि हुनरमंद युवाओं को रोजगार की कमी नहीं होगी, रोजगार खुद उनके दरवाजे पर आयेगा। तकनीकी संस्थानों को मजबूत और संसाधनयुक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि “तकनीक तेजी से बदल रही है, अगर आप खुद को नहीं निखारेंगे तो पीछे रह जायेंगे। हमारी सरकार चाहती है कि हर युवा नई तकनीकों से लैस हो, ताकि रोजगार के अवसर उसके लिये हमेशा खुले रहें।” कौशल विकास के साथ स्टार्टअप्स को भी बढ़ावा मिलेगा।
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार देने के साथ उन्हें एंटरप्रेन्योर बनाने पर भी है। प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण की व्यवस्था के साथ स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जायेगा, जिससे वे रोजगार पाने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें। CM ने कहा कि झारखंड का सर्वांगीण विकास सभी की भागीदारी से संभव है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार सिर्फ कौशल विकास नहीं कर रही, बल्कि रोजगार मेलों और कैंपस प्लेसमेंट के जरिये उन्हें सम्मानजनक नौकरियां भी दिला रही है। पिछले साल 50 हजार से अधिक युवाओं को देश-विदेश में रोजगार मिला। यह सफर सिर्फ यहीं नहीं थमेगा, हर युवा को हुनरमंद बनाने का सपना पूरा होगा। झारखंड नई ऊंचाइयों को छूएगा। इस अवसर पर श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार , श्रम विभाग के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह, श्रमायुक्त संजीव कुमार बेसरा एवं कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।








