Kohramlive : पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की महाअष्टमी की रात दामोदर नदी के लालबाबा मानाचर इलाके में खौफनाक वारदात हुई। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गर्दन काटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने पिता को भी मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। आरोपी की पहचान मंगल चौधरी के रूप में हुई है। मृतकों में उसकी पत्नी रुम्पा चौधरी (39) और पिता राजेंद्र चौधरी (60) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पत्नी का सिर काटने के बाद उसने मंदिर के ऊपर रख दिया। आरोपी ने अपने छोटे भाई की हत्या करने की भी कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह भागकर बच निकला।
अंधविश्वास या तंत्रसाधना?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगल और उसकी पत्नी पिछले कई महीनों से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में थे। तांत्रिक का उनके घर आना-जाना भी था। आशंका जतायी जा रही है कि यह वारदात तंत्रसाधना या कथित सिद्धि से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, नरबलि या तांत्रिक के उकसावे की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना पर सोनामुखी और कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त कार्रवाई में आरोपी मंगल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है और कथित तांत्रिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।








