Ormanjhi(Kuldeep Tiwari) : कांधे पर कांवड़, पैरों में थकान और दिल में सिर्फ एक नाम, भोलेनाथ। आस्था की यही डगर शिवभक्त संतोष राम को सुल्तानगंज से झारखंड की धरती पर खींच लाई है। बुधवार शाम जब वह पैदल चलते हुये ओरमांझी पहुंचे, तो लोगों ने उनकी तपस्या को नमन किया और आत्मीयता से स्वागत किया। खूंटी के बड़ाईक टोली में रहनेवाले रहनेवाले संतोष राम नायक ने बीते 3 जून से अपनी यह कठिन धार्मिक यात्रा शुरू की है। उनका संकल्प है कि सुल्तानगंज से कांवर में जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जल अर्पित करने के बाद रांची के पहाड़ी मंदिर और खूंटी के अमरेश्वर धाम में भी जल चढ़ाया जाये। संतोष राम बुधवार शाम ओरमांझी पहुंचे। लंबी पैदल यात्रा की थकान चेहरे पर जरूर थी, लेकिन भोले की भक्ति का उत्साह उससे कहीं ज्यादा नजर आया। उनके पहुंचने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भी जुटे। ओरमांझी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष दीपक बड़ाईक, सांसद प्रतिनिधि राजेश गुप्ता, समाजसेवी शशि मेहता, सतीश बड़ाईक, विजय गुप्ता, राजकिशोर शुक्ला, उपमुखिया संतोष गुप्ता, महेश साहू, सुनील महतो, सुरेंद्र महतो, शीला देवी और रामधन करमाली समेत कई लोगों ने उनका स्वागत किया। लोगों ने चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और चुनरी, अंगवस्त्र व फल-प्रसाद देकर सम्मानित किया। वहीं, उनकी आगे की यात्रा के लिये मंगलकामनाएं दीं। संतोष राम ने बताया कि वह बचपन से ही भगवान शिव की आराधना करते आ रहे हैं। सावन के महीने में देवघर के बाबा धाम के साथ-साथ रांची के पहाड़ी मंदिर और खूंटी के अमरेश्वर धाम में जल अर्पित करने की उनकी आस्था पुरानी है। हालांकि, इस बार उन्होंने पहली बार इतनी लंबी पैदल कांवड़ यात्रा का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि रास्ते की मुश्किलों और थकान के बावजूद यह यात्रा उनके लिये बेहद अच्छा अनुभव रही है। रास्ता लंबा है, मंजिल अभी बाकी है। मगर संतोष राम के कदमों में थकान से ज्यादा भक्ति दिखाई दे रही है।
ओरमांझी पहुंचते ही शिवभक्त संतोष का हुआ स्वागत… देखें वीडियो#KanwarYatra #BabaBaidhyanathDham #Deoghar #PahariMandir #Ormanjhi #Khunti #JharkhandNews pic.twitter.com/kcQbZPF3uo
— KohramLive (@KohramLive) August 19, 2026







