New Delhi : देश की राजधानी दिल्ली में एक महिला पत्रकार द्वारा पुलिस अधिकारी पर लगाये गये गंभीर आरोपों से तहलका मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला पत्रकार पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में बैठी नजर आ रही हैं। उनका इल्जाम है कि जब पुलिस ने नेहा बोरा को हिरासत में लिया, उस दौरान वह वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान ACP विवेक भगत ने कथित तौर पर उन्हें गलत तरीके से छुआ और धक्का दिया। महिला पत्रकार का दावा है कि उन्होंने जब पुलिस अधिकारी से इस व्यवहार को लेकर सवाल किया तो वह वहां से चले गये। वीडियो में महिला यह भी कहती सुनाई दे रही हैं कि वह करीब साढ़े तीन घंटे से थाने में बैठी हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की जा रही। वायरल वीडियो में महिला पत्रकार अपनी आपबीती बताते हुये कहती हैं कि वह नेहा बोरा को डिटेन किये जाने का वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर उनके ब्रेस्ट को टच किया और उन्हें पुश किया। महिला का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने सवाल किया, लेकिन अधिकारी वहां से चले गये। उन्होंने थाने में मौजूद पुलिस से शिकायत दर्ज करने की मांग की और बाहर मौजूद मीडिया तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं से मदद की अपील की। वहीं, ACP विवेक भगत का पक्ष अबतक सामने नहीं आया है।
एक और महिला ने भी लगाये गंभीर आरोप
इसी घटनाक्रम से जुड़े एक अन्य वायरल वीडियो में एक महिला पुलिस अधिकारी से शिकायत करती दिखाई दे रही है। महिला का आरोप है कि बस के अंदर एक पुलिस अधिकारी ने उसे ब्रेस्ट पर छुआ। महिला सवाल करती है कि पुलिस सबूत लेकर आने की बात कह रही है, लेकिन ऐसी घटना का वह सबूत आखिर कहां से लाये? वीडियो में वह यह भी दावा करती है कि वह करीब दो घंटे तक शिकायत लेकर बैठी रही, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। बाद में एक पुलिसकर्मी महिला को थाने के अंदर चलने के लिये कहता दिखाई देता है। महिला अपने वकील को तलाशती है और फिर कुछ लोगों के साथ थाने के भीतर जाती नजर आती है। ‘कुलदीपकुमारआप’ नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने वीडियो साझा करते हुये दावा किया कि वह पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे थे। पोस्ट में महिला पत्रकार द्वारा एक ACP पर छेड़छाड़ और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाये जाने की बात कही गई है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि महिला पत्रकार की शिकायत दर्ज कराने के लिये उनके साथी सुबह से थाने के बाहर मौजूद थे। इसके अलावा एक बच्ची के भी शिकायत लेकर थाने के बाहर घंटों बैठे होने का दावा किया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में अधिकारी के नाम को लेकर अलग-अलग उल्लेख सामने आ रहा है।
The woman journalist who alleged molestation by a Delhi Police ACP arrives at Parliament Street police station along with CJP’s Saurav Das, former MP Brinda Karat and others to press for an FIR against the senior cop https://t.co/9wtrwOPu8s
— Dhairrya Maheshwari (@dhairyam14) October 4, 2026





