Ranchi : राजधानी रांची की रेडियम रोड में रात के अंधेरे में दुकान का ताला तोड़कर करीब 15.70 लाख रुपये की सिगरेट चोरी करने के मामले का कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी का सामान बरामद किया है। यह घटना 26 सितंबर की रात की है। अज्ञात चोरों ने रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान का ताला तोड़ दिया और दुकान से करीब 3 हजार रुपये नकद, बिना सिम का एक पुराना मोबाइल फोन और लगभग 15.70 लाख रुपये कीमत की सिगरेट लेकर फरार हो गये। घटना के बाद दुकान संचालक की ओर से दिये गये लिखित आवेदन के आधार पर कोतवाली थाना में केस (कांड संख्या 220/2026) दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को संदिग्धों के बारे में सुराग मिला। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में कुंदन वर्मा और विजय रजक उर्फ लल्लु को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
छह बैग और तीन झोलों में भरी थी सिगरेट
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से अलग-अलग कंपनियों की सिगरेट बरामद की गई है। चोरी का सामान छह बैग और तीन झोलों में रखा गया था। इसके अलावा दुकान से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुंदन वर्मा पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाने में चोरी, मारपीट और NDPS Act समेत कई धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। छापामारी टीम में कोतवाली ASP निखिल राय, कोतवाली थानेदार सनोज कुमार चौधरी, सुखदेवनगर के थानेदार सुनील कुमार कुशवाहा समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।
रांची में 15 लाख की सिगरेट चोरी का सनसनीखेज खुलासा… देखें वीडियो#Ranchi #RanchiNews #RadiumRoad #CigaretteTheft #CigaretteChori pic.twitter.com/skzhcQCYlv
— KohramLive (@KohramLive) September 28, 2026





