Ranchi : राजधानी रांची में आनंद विहार इलाके में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। बीते 19 फरवरी की सुबह केपी स्कूल के पास गंभीर चोट के साथ मिला शव कांटाटोली रजा कॉलोनी निवासी आशिफ अंसारी का था। जांच में सामने आया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ी सुनियोजित हत्या का है। जानकारी के मुताबिक मृतक का आनंद विहार की बिउला टोप्पो से बीते 15-16 सालों से प्रेम संबंध था। बिउला के पति जोन्सन मिंज इस रिश्ते से नाराज और परेशान थे। उस रोज शाम के वक्त जोन्सन ने दोनों को ‘गलत संबंध’ बनाते हुये देख लिया। यह देख उसका खून खौल उठा। इल्जाम है जोन्सन ने अपने दोस्त दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर आशिफ को रास्ते से हटाने की भयानक प्लानिंग बना डाली। प्रिंस कुमार को 1.60 लाख रुपये और प्रेम लकड़ा को 2.40 लाख रुपये की सुपारी दी गई। दीपक अग्रवाल को भी करीब 4 लाख रुपये दिये। रांची SSP के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले का खुलासा किया गया। अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उनके पास से एक देशी कट्टा, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल (JH03M7698), स्कूटी (JH01EZ7517), खून लगा जैकेट, खून लगी मिट्टी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। सदर DSP के नेतृत्व में खेलगांव थानेदार और अन्य पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक यह हत्या पूरी तरह से साजिश के तहत कराई गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रेमी के साथ पत्नी को देख खौल गया खून#ranchi #jharkhand pic.twitter.com/7pQMwZTx92
— KohramLive (@KohramLive) February 22, 2026












