Ranchi : झारखंड में रक्षाबंधन पर स्कूल खोलने के फैसले को लेकर शिक्षक संगठनों का विरोध आखिरकार रंग लाया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने संशोधित आदेश जारी कर 28 अगस्त को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़ी गतिविधियां अब एक दिन पहले 27 अगस्त को होंगी। पहले शिक्षा विभाग ने 28 अगस्त और 30 अगस्त को स्कूल खोलने का निर्देश दिया था। रक्षाबंधन के दिन स्कूल खोलने के फैसले पर झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ समेत कई संगठनों ने विरोध जताया था। शिक्षक संगठनों ने कहा था कि रक्षाबंधन पारिवारिक और सामाजिक महत्व का पर्व है। ऐसे दिन स्कूल खोलना विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की भावनाओं के खिलाफ है। विरोध बढ़ा तो विभाग ने आदेश पर पुनर्विचार किया और अब तारीख बदल दी है।
27 अगस्त को खेल गतिविधियां
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत होने वाली खेल गतिविधियां अब 28 अगस्त की बजाय 27 अगस्त को आयोजित होंगी। इस तरह रक्षाबंधन के दिन विद्यार्थियों और शिक्षकों को छुट्टी मिलेगी। संशोधित आदेश का झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ और झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा ने स्वागत किया है।








