Ranchi : झारखंड के युवाओं के लिये एविएशन सेक्टर में करियर का नया मौका तैयार है। राज्य सरकार के नागर विमानन विभाग के तहत संचालित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट के लिए चयन साक्षात्कार पूरा हो गया है। कोर्स के तहत एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू की ट्रेनिंग दी जायेगी। प्रशिक्षण अगले महीने शुरू होने की संभावना है। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अंग्रेजी, कम्युनिकेशन स्किल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और एविएशन में रुचि परखी गई। संस्थान के अनुसार पूरी प्रक्रिया तय मानकों और पारदर्शिता के साथ पूरी हुई।
एयरलाइंस से एयरपोर्ट तक नौकरी के मौके
संस्थान के एमडी कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि विमानन क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में झारखंड के युवाओं को राज्य में ही प्रोफेशनल ट्रेनिंग देना प्राथमिकता है। ट्रेनिंग के बाद एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग, यात्री सेवा और एविएशन हॉस्पिटैलिटी में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान सिर्फ सर्टिफिकेट देने तक सीमित नहीं रहेगा। युवाओं को कम्युनिकेशन, अनुशासन, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और इंडस्ट्री स्किल्स के लिए तैयार किया जायेगा।
अगस्त के अंत में आ सकती है मेरिट लिस्ट
चयनित अभ्यर्थियों की पहली वरीयता सूची अगस्त के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की वेबसाइट पर जारी होने की संभावना है। चयनित उम्मीदवारों को नामांकन और प्रशिक्षण की जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी। संस्थान में कमर्शियल पायलट लाइसेंस ट्रेनिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। अब एविएशन और ग्राउंड क्रू ट्रेनिंग से झारखंड के युवाओं के लिये विमानन क्षेत्र में करियर का एक और रास्ता खुलने जा रहा है।








