UP : प्रयागराज में बढ़ती सर्दी, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुये जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) पीएन सिंह ने आदेश जारी कर जिले में कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल 15 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। हालांकि इस दौरान शिक्षक और अन्य स्टाफ विद्यालय व कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्व निभायेंगे। DIOS ने सभी बोर्ड के प्रधानाचार्यों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं दूसरी ओर, झूंसी क्षेत्र में कुछ इंटरमीडिएट कॉलेजों पर CM योगी आदित्यनाथ के आदेशों की अनदेखी करने के आरोप लगे हैं। CM ने पहले ही प्रदेशभर में इंटरमीडिएट तक के स्कूल-कॉलेज 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया था। इसके बावजूद झूंसी स्थित आवास विकास कॉलोनी योजना-3 के सेक्टर-4 में यूडी इंटरमीडिएट कॉलेज के खुले रहने की शिकायत सामने आई है। सोमवार को भी कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राएं पहुंचे और सामान्य रूप से कक्षायें संचालित होती रहीं। कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि स्कूल केवल खेलकूद गतिविधियों के लिए खोला गया था।
कार्रवाई की चेतावनी
इस मामले पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने साफ कहा है कि यदि मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद कॉलेज संचालित पाया गया, तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। प्रशासन अब ऐसे स्कूलों पर कड़ी नजर बनाये हुये है।





