Bihar : बिहार सरकार ने अगले पांच सालों में 50 लाख युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देकर रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करने की योजना बनाई है। इस अभियान में 16 सरकारी विभाग मिलकर विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण देंगे। साथ ही कई बड़ी कंपनियों के सहयोग से उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को ट्रेनिंग दी जायेगी, ताकि उन्हें नौकरी मिलने की संभावना बढ़ सके।
सरकार के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 4.65 लाख युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। CM सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत PM विश्वकर्मा योजना में 25 लाख, कुशल युवा कार्यक्रम में 18.37 लाख, टाटा टेक सीओआई, पीएम सेतु, इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, ग्रीन इकोनॉमी और अन्य योजनाओं के जरिये भी लाखों युवाओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
सरकार ने अगले पांच सालों के लिए चरणबद्ध लक्ष्य भी तय किये हैं। 2027-28 से 2030-31 तक हर साल 11 लाख से अधिक युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।






