Ranchi : खेल, पत्रकारिता और सौहार्द, तीनों का खूबसूरत मेल आरपीसी मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 के उद्घाटन के साथ देखने को मिला। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज रांची प्रेस क्लब की ओर से जेके इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी, अगरू (रातू, रांची) में आयोजित इस 11 दिवसीय टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुये राज्यपाल ने कहा कि मीडिया समाज का सजग प्रहरी है और लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ भी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता सिर्फ खबर देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनचेतना को जागृत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की अहम कड़ी है। दिन-रात मेहनत कर जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकार समाज की रीढ़ हैं।
राज्यपाल ने कहा कि मीडिया कप जैसे आयोजन आपसी सौहार्द बढ़ाते हैं। समन्वय और आत्मीयता को मजबूत करते हैं। तनाव भरी दिनचर्या के बीच ऊर्जा भरते हैं। क्रिकेट से मिलने वाले धैर्य, रणनीति और टीमवर्क के गुण जीवन और पेशे, दोनों में काम आते हैं। राज्यपाल ने झारखंड की खेल प्रतिभाओं पर भरोसा जताते हुये कहा कि यदि खिलाड़ियों को कम उम्र से मंच और प्रोत्साहन मिले, तो राज्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि खेलों के विकास में मीडिया की भूमिका निर्णायक है। खिलाड़ी की सफलता जब सुर्खियों में आती है, तो वह हजारों युवाओं की प्रेरणा बनती है। राज्यपाल ने रांची प्रेस क्लब के हालिया चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाया।
पहले दिन दो धमाकेदार मुकाबले
पहले मैच में भैरवी ने कारो को 18 रन से हराया। भैरवी ने 13 ओवर में 160/2 रन बनाये। विक्की पासवान ने नाबाद 117 रन की तूफानी पारी खेली। कारो 142/5 में ऑल आउट हो गई। प्लेयर ऑफ द मैच विक्की पासवान रहे। दूसरे मैच में अमानत ने अजय को 7 विकेट से शिकस्त दी। अजय 13 ओवर में 124/3 बनाये। अमानत 10.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। प्लेयर ऑफ द मैच शमीम राजा रहे।




