Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बागी नेताओं पर कड़ा कदम उठाया है। आज पार्टी ने 10 नेताओं को निष्कासित किया है, जो या तो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में महागठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे या गठबंधन को नुकसान पहुंचा रहे थे। इनमें डेहरी के मौजूदा विधायक फतेह बहादुर सिंह, पूर्व विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश कुमार (नालंदा), मो. सैय्यद नौसादुल नवी उर्फ पप्पू खां (बिहार शरीफ), पूर्व विधायक मो. गुलाम जिलानी वारसी (कांटी) और पूर्व विधायक मो. रियाजुल हक राजू (गोपालगंज) शामिल हैं। अन्य निष्कासित नेताओं में अमोद कुमार मंडल (पूर्णिया), विरेंद्र कुमार शर्मा (सिंहेश्वर), प्रवण प्रकाश (मधेपुरा), जिप्सा आनंद (भोजपुर) और राजीव रंजन उर्फ पिंक (भोजपुर) शामिल हैं। पार्टी ने इस कार्रवाई के तहत सभी को छह साल के लिए आरजेडी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इससे पहले 27 अक्टूबर को भी 27 बागी नेताओं पर कार्रवाई की गई थी। इस बार आरजेडी 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा की 143 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, हालांकि कई जगह कांग्रेस और वीआईपी के साथ दोस्ताना मुकाबला भी हो रहा है।





