Bokaro : ”राज्य के गरीब बच्चे-बच्चियों को क्वालिटी एजुकेशन देने के साथ उनके भविष्य को निखारने-संवारने का काम सरकार कर रही है। प्राईवेट स्कूलों की तर्ज पर स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस खोले गये हैं, जहां गरीब के बच्चे अंग्रेजी माध्यम से तालिम हासिल करेंगे। पैसे की तंगी के चलते किसी बच्ची की पढ़ाई नहीं रूके, इसके लिए उन्हें सावित्रीबाई फूले किशोरी सावित्री योजना से जोड़ा गया है। इस राज्य के बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, जर्नलिस्ट बनें, इसके लिए गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत सरकार अपनी गारंटी पर 15 लाख रुपये तक का शिक्षा लोन दे रही है। मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप दी जा रही है।” यह कहना है CM हेमंत सोरेन का। मौका था बोकारो के चंदनक्यारी प्रखंड के चंडीपुर आयोजित कार्यक्रम का।

CM हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि राज्य के टूटे-फूटे छात्रावासों का मरम्मत हो रहा है। वहीं, हॉस्टल में रहनेवाले विद्यार्थियों के भोजन की भी व्यवस्था सरकार कर रही है। सभी जिलों में श्रम आवासीय विद्यालय खोलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, ताकि यहां के मजदूरों के बच्चों को अच्छी और गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सके। CM ने कहा कि बुजुर्गों को पेंशन, महिलाओं को सम्मान और युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। आदिवासियों -मूलवासियों को रोजगार और हक-अधिकार दिलाने के लिये सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों के जिंदगी में बदलाव लाने की लगातार कोशिश की जा रही है। नई पहचान बनाते हुये सरकार जन -जन तक पहुंच रही है। छोटे से लेकर बड़े अधिकारी तक गांव-गांव एवं टोला-मोहल्ला तक घरों तक पहुंच रहे हैं, ताकि हर किसी का भला हो सके। देश-विदेश में काम कर रहे मजदूरों की पुकार पर सरकार उन्हें वापस लाने में मदद कर रही है।

बोकारो रामगढ़ और हजारीबाग को मिली कई सौगातें
इस अवसर पर CM हेमंत सोरेन ने बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग जिले को 1240 करोड़ 57 लाख रुपये की 50 योजनाओं की सौगात दी। इसमें 1204 करोड़ 11 लाख रुपये की 48 योजनाओं का शिलान्यास और 36 करोड़ 40 लाख रुपये की दो योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इसमें बोकारो में 1081 करोड़ 61 लाख रुपया की लागत से 46 योजनाओं का शिलान्यास हुआ। वहीं, रामगढ़ जिले में 108 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से एक योजना का शिलान्यास तथा हजारीबाग जिले में 36 करोड़ 46 लाख रुपये की दो योजनाओं का उद्घाटन एवं 13 करोड़ 97 लाख रुपये की एक योजना का ऑनलाइन शिलान्यास हुआ। बोकारो में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन ललपनिया में 50 मेगावाट का सोलर पावर स्टेशन, रामगढ़ के पतरातू में रेलवे ओवरब्रिज और हजारीबाग में झील का ब्यूटीफिकेशन होगा। वहीं, हजारीबाग में बने नगर निगम के नये भवन को CM ने वहां की जनता को समर्पित किया।

हक और अधिकार के लिये पीढ़ी- दर -पीढ़ी करती रही है संघर्ष
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में विस्थापन हमेशा से एक बड़ी समस्या रही है। यहां उद्योग- धंधे के लिये जमीन अधिग्रहण कर लिया जाता है। लेकिन, जो विस्थापित होते हैं, उन्हें वर्षों तक उनका हक- अधिकार नहीं मिल पाता है। विस्थापितों की पीढ़ी- दर- पीढ़ी अपने वाजिब हक के लिए लगातार संघर्ष करती रहती है। कई मामलों में तो ऐसा लगता है कि कल -कारखाने लगने के साथ विस्थापित ना जाने कहां गुम हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विस्थापितों के दुख-दर्द पूरा वाकिफ है। ऐसे में उन्हें उनका हक अधिकार मिले के लिये राज्य सरकार उनके साथ-साथ है। झारखंड अलग राज्य की लड़ाई इसलिए भी लड़ी गई थी कि यहां की आर्थिक गतिविधियों में आदिवासियों -मूलवासियों को रोजगार और अधिकार मिले। लेकिन, अलग राज्य गठन के 20 वर्षों तक यहां के आदिवासी -मूलवासियों को आर्थिक गतिविधियों से अलग रखने का कार्य किया जाता रहा। उनकी सरकार सभी निजी संस्थानों में स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने के लिए नीति बनाई। इसी नीति का नतीजा है कि राज्य में संचालित कल- कारखानों और संस्थानों में स्थानियों को रोजगार मिल रहा है।

हर किसी के भले के लिये काम कर रही है सरकार
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के हर वर्ग और तबके को आगे बढ़ाने के लिये सरकार काम कर रही है। किसानों के दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ हो चुका है। 200 यूनिट बिजली फ्री देने के साथ बकाया बिजली बिल माफ का दिया गया है। वहीं, अनेकों और योजनायें हैं, जिनके सहारे राज्य वासियों का भला हो रहा है।
इस अवसर पर मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बेबी देवी, विधायक कुमार जयमंगल, विधायक लंबोदर महतो, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र महतो, राज्य समन्वय समिति के सदस्य राजेश ठाकुर, सचिव अरवा राजकमल और बोकारो के DIG सुरेंद्र कुमार झा एवं बोकारो के DC और SP सहित कई छोटे-बड़े अधिकारी मौजूद थे।









