Kohramlive : एक नई रिसर्च से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिसर्च में यह पाया गया है कि हर सिगरेट पुरुषों की जिंदगी से 17 मिनट और महिलाओं की जिंदगी से 22 मिनट कम कर देती है। UCL (यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन) द्वारा की गई इस रिसर्च में पाया गया है कि महिलाओं का शरीर सिगरेट के केमिकल्स के प्रति अधिक संवेदनशील होता है, इससे उनके जीवन पर धूम्रपान का प्रभाव पुरुषों की तुलना में अधिक घातक होता है। पहले किये गये अध्ययनों में यह माना जाता था कि हर सिगरेट जीवन के 11 मिनट कम करती है, लेकिन नई रिसर्च ने यह आंकड़ा बढ़ाकर 17-22 मिनट कर दिया है। यह अध्ययन यूनाइटेड किंगडम के स्वास्थ्य विभाग के द्वारा प्रायोजित किया गया। रिसर्च में धूम्रपान को “मौत की सीढ़ी” करार दिया गया है। वहीं, WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) का दावा है कि हर साल धूम्रपान 80 लाख से ज्यादा लोगों की जान लेता है, जिसमें 13 लाख गैर-धूम्रपान करने वाले भी शामिल हैं जो दूसरे के धुयें के संपर्क में आते हैं। WHO का मानना है कि धूम्रपान छोड़ते ही शरीर खुद को ठीक करने लगता है। दिल की बीमारी और कैंसर का खतरा कम हो जाता है। आने वाले नये साल के साथ सिगरेट छोड़ने का संकल्प लें और “मौत की सीढ़ी” से उतरकर अपने परिवार की जिंदगी को खुशहाल बनायें।











