Ranchi : रांची में आगामी तीन दिनों तक ट्रैफिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किये गये हैं। 5 अप्रैल को रामनवमी की झांकी, 6 अप्रैल को शोभायात्रा और 7 अप्रैल को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान शहर में भारी भीड़ उमड़ेगी। इन आयोजनों के मद्देनजर 5 अप्रैल शाम 5 बजे से ही शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
6 अप्रैल को रामनवमी के दिन दोपहर 1 बजे से जुलूस की समाप्ति तक कई रूटों पर वाहनों की नो एंट्री रहेगी। खासकर किशोरी यादव चौक, महावीर मंदिर चौक, कचहरी चौक, शहीद चौक, लालपुर और कांटाटोली सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। रिंग रोड के माध्यम से इन वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा। इस दौरान छोटे मालवाहक वाहनों का भी प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे इन मार्गों से बचकर यात्रा करें और त्योहारों का आनंद सुरक्षित तरीके से लें।






