Ranchi : रांची के सरला बिरला विश्वविद्यालय (SBU) के बैनर तले गूगल डेवलपर ग्रुप के सहयोग से दो दिवसीय नेशनल हैकथन “रांची हैक्स” का शानदार आगाज़ हो गया है। इस हैकथन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आई 31 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो तकनीक के जरिये समस्याओं के समाधान तलाशेंगी। आयोजन को लेकर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक और कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने बताया कि रांची हैक्स झारखण्ड में अपनी तरह का अनूठा प्रयोग है। गूगल डेवलपर ग्रुप के सहयोग से इतने बड़े स्तर पर पहली बार ऐसा आयोजन हो रहा है, जहां युवाओं को अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल दिखाने का खुला मंच मिल रहा है। विश्वविद्यालय के जीडी बिरला सभागार में चल रही प्रतियोगिता का राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने अवलोकन किया और प्रतिभागियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया।
आयोजन से जुड़े तुषार और ऋषभ ने बताया कि गूगल डेवलपर ग्रुप का मकसद झारखंड के छात्रों की छुपी प्रतिभा को निखारना है। प्रतिभागियों को प्रायोगिक ज्ञान मिलेगा। जॉब और इंटर्नशिप के बेहतर अवसर मिलेंगे। करीब 2500 प्रतिभागी ने पंजीकृत कराया है। दो दिवसीय हैकथन में 31 टीमें हिस्सा ले रहीं। अगले राउंड के लिये 120 प्रतिभागी चयनित हुये। प्रतिभागियों में छात्र और वर्किंग प्रोफेशनल्स दोनों शामिल हैं। निर्णायक मंडल में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के विशेषज्ञ हैं। अंतिम दिन तीन सर्वश्रेष्ठ टीमें चुनी जायेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीन डॉ. पंकज गोस्वामी, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव और डॉ. दीप्ति कुमारी भी मौजूद थी।












