Ranchi : झारखंड, बिहार, UP, MP और दिल्ली में दर्जनों ठगी के मामलों में वांटेड 38 साल के रंजन कुमार मिश्रा उर्फ अंकित मिश्रा पर रांची पुलिस ने 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। यह मूल रूप से जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला है। न्यायाधीश और अफसर बनकर ठगी करने वाले मिश्रा पर कई राज्यों की अदालतों में आरोपपत्र दाखिल हैं। रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा के मुताबिक, ये अपराधी फर्जी पहचान, मोबाइल नंबर और पते का मास्टरमाइंड है। अंकित मिश्रा लगातार अपना ठिकाना बदलता है और सरकारी सिस्टम के नाम पर आम लोगों को फंसाने में माहिर है। इसलिए हर बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो जाता है। इस पर झारखंड, बिहार, यूपी, एमपी और दिल्ली में कुल 20 से ज्यादा मामले दर्ज है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर कहीं दिखे तो तुरंत सूचना दें।










