Ranchi : राजधानी रांची में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। शादी के बाद भी प्रेमी को पाने की चाहत में एक महिला ने अपने ही पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी। मामला अनगड़ा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने 29 वर्षीय आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यहां याद दिला दें कि बीते 10 फरवरी की रात हेसल स्थित रिंग रोड के सर्विस रोड पर 35 वर्षीय युवक का शव मिला था। मृतक कांके थाना क्षेत्र का रहने वाला था। हत्या के बाद शव को अनगड़ा क्षेत्र में फेंका गया था। जांच की सुई जब घर के अंदर पहुंची, तो साजिश की परतें खुलती चली गईं। थानेदार गौतम रजवार के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की मुख्य सूत्रधार मृतक की पत्नी ही है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का लंबे समय से एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पति ने अवैध संबंध का विरोध किया। जिसके बाद पति को ‘रास्ते का कांटा’ मानते हुये पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर साजिश रची। सुपारी किलर्स को पैसे देकर हत्या करवाई गई। पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि 10 फरवरी की दोपहर हुसीर गांव में कार से आये बदमाशों ने युवक को बहला-फुसलाकर जबरन कार में बैठाया गया। फिर अपहरण के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। रात करीब 8 बजे शव को हेसल रिंग रोड के सर्विस रोड पर फेंक दिया गया। पुलिस अब सुपारी किलर्स, हत्या में इस्तेमाल कार और आरोपी महिला के प्रेमी की तलाश में छापेमारी कर रही है।










