Ranchi : राजधानी रांची में देर रात पुलिस ने जिस कार्रवाई को अंजाम दिया, उसने शहर के अवैध हुक्का बार नेटवर्क की जड़ें हिला दी हैं। गुप्त सूचना पर SSP राकेश रंजन के निर्देश के बाद कोतवाली DSP प्रकाश सोय की टीम ने लालजी हीरजी रोड स्थित पाबलो रेस्टोरेंट में अचानक धावा बोला और अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी चौंक गई। रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा अवैध हुक्का बार न सिर्फ युवाओं को नशे के दलदल में धकेल रहा था, बल्कि कथित तौर पर यहां प्रतिबंधित पदार्थों का सेवन भी कराया जा रहा था। पुलिस के पहुंचते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। कई युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने 10 से अधिक युवकों को मौके से हिरासत में ले लिया। सभी से कोतवाली थाना में गहन पूछताछ जारी है।
यह कार्रवाई किसी एक रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रहने वाली, सूत्रों का कहना है कि शहर के कई कैफे और लाउंज इसी तरह हुक्का बार और नशे के अड्डों में बदल चुके हैं, जिनकी शिकायतें SSP को लगातार मिल रही थीं। पाबलो रेस्टोरेंट को लेकर भी सूचना थी कि यह युवाओं के लिए “नशे का हॉटस्पॉट” बन चुका था। पुलिस ने साफ किया है कि यह सिर्फ शुरुआत है।










