Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक और बड़ी साइबर ठगी की कहानी का पर्दाफाश किया है। एक किराये के मकान में बैठकर तीन शातिर ठग सोशल मीडिया, फर्जी कागज़ात और तकनीक की मदद से देशभर के लोगों को चूना लगा रहे थे। लेकिन एक गुप्त सूचना पर चली कार्रवाई ने इनका खेल खत्म कर दिया। रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी। SSP के निर्देश पर ग्रामीण SP ने नेतृत्व में गठित टीम ने नामकुम के महुआटोली स्थित एक एक किराये के मकान में छापा मारा। पुलिस को देखते ही अंदर बैठे तीन युवक छत की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर उन्हें दबोच लिया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी बिहार के नवादा के रहने वाले हैं।
पूछताछ में उन्होंने कबूला कि वे चोरी के मोबाइल और दूसरे लोगों के नाम पर जारी किये गये सिम और बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। फर्जी फेसबुक पेज बनाते थे, जिनपर “लोन दिलाने” का लालच भरा विज्ञापन देते थे। फेसबुक या गूगल पर एक Google Form चलाते, जिसमें लोग अपने नाम, मोबाइल और बैंक डिटेल भरते। एक्सेल शीट में आते ही उनके पास शिकार की पूरी जानकारी आ जाती। इसके बाद शुरू होता फोन कॉल का खेल। कॉल के दौरान “प्रोसेसिंग फीस”, “GST”, “SGST”, “नो ड्यूज” जैसे नामों पर पैसे ऐंठे जाते थे। ये लोग “तुलसी आयुर्वेद फार्मा” और “चंद्रप्रभा हेल्थकेयर” जैसे नामों का सहारा लेकर, फर्जी लॉटरी कूपन डाक से भेजे जाते थे। लोग स्क्रैच करते, इनाम देख कर खुश होते और फिर जाल में फंस जाते। लोगों को भरोसा दिलाने के लिए SBI और PNB जैसे बैंकों के फर्जी चेक, डिपोजिट की नकली सील और फर्जी GST रसीदें भेजी जाती थीं।
उनके पास से पुलिस को मोबाइल फोन, स्टांप पेपर, आधार कार्ड, बैंक डेबिट कार्ड, चेक बुक और पासबुक, प्रिंटर, नकद रकम, स्कूटी, कई कूपन और फर्जी रजिस्टर मिले। गिरफ्तार ठगों ने कुछ मामलों में लोगों को स्कैनर भेजकर डॉक्युमेंट मंगवाये और फिर पैसों की डिमांड भी की। रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा “ये तीनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से देशभर में लोगों को फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए झांसे में लेकर ठगी कर रहे थे। अब इन्हें पकड़ लिया गया है, आगे की पूछताछ में और भी बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।” घर में साइबर ठगी के लिए ऑफिस जैसा सेटअप किया हुआ था।
पुलिस उप-महानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, रॉची को दिनांक-04.07.25 के प्रातः में गुप्त सूचना मिली की नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम-महुआटोली स्थित एक घर में अन्य राज्य के साईबर अपराधियों द्वारा साईबर ठगी किया जा रहा है। प्राप्त आसूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस… pic.twitter.com/YfOwX23yG6
— Ranchi Police (@ranchipolice) July 5, 2025







