Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित Jharkhand Staff Selection Commission की कंप्यूटर आधारित झारखंड ANM प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किये हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार रोकने के लिये जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी है। प्रशासन के मुताबिक एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर तीन पालियों में आयोजित की जायेगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिये हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। रांची के SDO कुमार रजत के अनुसार यह निषेधाज्ञा 18 मार्च से 19 मार्च 2026 तक लागू रहेगी। हर दिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक यह आदेश प्रभावी रहेगा। यह प्रतिबंध शहर के 12 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में लागू किया गया है। यह आदेश रांची के DC एवं SSP के संयुक्त निर्देश पर लागू किया गया है। निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों का एक जगह जमा होना प्रतिबंधित होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) का प्रयोग नहीं कर सकते। अस्त्र-शस्त्र जैसे बंदूक, रिवॉल्वर, बम, बारूद आदि लेकर चलने पर रोक रहेगी। लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला जैसे हथियारों पर भी प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने की मनाही होगी। हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे।

इसे भी पढ़ें : ये होंगे बड़कागांव के नये थानेदार…








