Ranchi : झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सदन के अंदर और बाहर जमकर सियासी घमासान देखने को मिला। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने विशेष सत्र बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाते हुये सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, सत्तारूढ़ JMM-कांग्रेस-राजद के विधायकों ने केंद्र की मोदी सरकार पर SIR के जरिये वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की साजिश रचने का आरोप लगाया। इन राजनीतिक सरगर्मियों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधायक कल्पना सोरेन के साथ विधानसभा पहुंचे। यहां रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
सरयू राय ने विशेष सत्र के औचित्य पर उठाये सवाल
विधानसभा परिसर के बाहर भी नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर जारी रहा। जदयू विधायक सरयू राय ने विशेष सत्र बुलाने के फैसले पर सवाल खड़े करते हुये कहा कि यदि सरकार को SIR पर विशेष चर्चा करनी थी, तो मानसून सत्र की अवधि दो दिन बढ़ाकर भी इस मुद्दे पर चर्चा करायी जा सकती थी। इसके लिये अलग से विशेष सत्र बुलाने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि SIR को लेकर सत्तारूढ़ दल को आपत्ति है, लेकिन राज्य में सरकार उसी की है। प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक सत्यापन का काम राज्य सरकार के अधिकारी और कर्मचारी ही कर रहे हैं, जिन्हें चुनाव आयोग ने नामित किया है। ऐसे में जिन मतदाताओं को नाम कटने की शिकायत है, उन्हें चुनाव आयोग के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करानी चाहिये।
भाजपा ने विशेष सत्र को बताया राजनीतिक एजेंडा
भाजपा विधायक पूर्णिमा दास ने विशेष सत्र को राजनीतिक एजेंडे के तहत बुलाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में कई ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर विधानसभा में चर्चा होनी चाहिये थी। लेकिन सरकार ने SIR और MMDR को राजनीतिक मुद्दा बनाकर दो दिनों का विशेष सत्र बुलाया है। वहीं, कांग्रेस विधायक अनुप सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुये आरोप लगाया कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में SIR के जरिये लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाये गये, उसी तरह झारखंड में भी चुनाव आयोग के माध्यम से भाजपा ऐसी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कोशिश को सफल नहीं होने दिया जायेगा।
नवीन जायसवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
विधानसभा में प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुये कहा कि इंडी गठबंधन ने रामलीला मैदान में जो किया था और सड़कों पर उतरकर अराजकता की स्थिति पैदा की थी, उसी तरह कांग्रेस के इशारे पर यह विशेष सत्र बुलाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पर जनता के लाखों रुपये खर्च किये जा रहे हैं। नवीन जायसवाल ने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में भी 10 बार SIR हुआ है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के सत्यापन के लिये दिल्ली से कोई टीम नहीं आती, बल्कि राज्य के अधिकारी, पदाधिकारी और कर्मचारी ही घर-घर जाकर जांच करते हैं। उनके अनुसार, वैध मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज करने और जिन लोगों का पता नहीं चल पा रहा है, उन्हें खोजने की जिम्मेदारी राज्य प्रशासन की है।




