Hazaribagh(Krishna Paswan) : हजारीबाग के पुलिस कप्तान के सख्त निर्देश पर रविवार को चौपारण के भगहर भंडार और परसातरी गांवों में अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। बरही के SDPO के नेतृत्व में गठित टीम ने दो JCB मशीनों की मदद से गांवों में फैले शराब के अड्डों को जमींदोज कर दिया। 12 से अधिक अवैध भट्टियां मौके पर ध्वस्त की गईं। 60,000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया। 5,000 लीटर तैयार महुआ शराब बहा दी गई। 500 ड्रम और 50 एल्यूमीनियम डेगचे सहित शराब बनाने के उपकरण जब्त किये गये। गांव की गलियों में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई ने शराब कारोबारियों में खलबली मचा दी। इस अभियान में पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार, थानेदार सरोज सिंह चौधरी समेत चौपारण थाने की टीम और वन विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
गांव की हवा बदली
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के धंधे से गांव की शांति और माहौल बिगड़ चुका था। आज की कार्रवाई के बाद गांव में राहत की सांस ली जा रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन की सख्ती का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।












